चमोली की सुमन देवी अपनी पोल्ट्री यूनिट में मुर्गियों की देखभाल करते हुए।चमोली की सुमन देवी पोल्ट्री पालन व्यवसाय के माध्यम से हर महीने 15 से 18 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं।

चमोली। ग्रामीण स्वरोजगार- उत्तराखंड के चमोली जनपद की महिलाओं द्वारा स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयास लगातार नई मिसाल कायम कर रहे हैं। विकासखंड दशोली के ग्राम सलना रैंतोली निवासी श्रीमती सुमन देवी ने पोल्ट्री पालन के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

जय माँ भगवती स्वयं सहायता समूह, एकता ग्राम संगठन एवं बिरही गंगा सीएलएफ से जुड़ी श्रीमती सुमन देवी वर्तमान में मदर यूनिट (पोल्ट्री पालन) व्यक्तिगत उद्यम का सफल संचालन कर रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने परिश्रम और लगन से पोल्ट्री व्यवसाय को आय का स्थायी स्रोत बना लिया है।

ये भी पढ़ें-: दुखद: शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा का सड़क हादसे में निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

सुमन देवी ने कुल 2.50 लाख रुपये की लागत से अपने उद्यम की शुरुआत की। इसमें रीप परियोजना के माध्यम से 75 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई, जबकि 1.25 लाख रुपये का बैंक ऋण और 50 हजार रुपये का स्वयं का अंशदान शामिल रहा। परियोजना से मिले तकनीकी मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग ने उनके व्यवसाय को मजबूती प्रदान की।

वर्तमान में उनकी पोल्ट्री इकाई में लगभग 200 मुर्गियां हैं, जिनसे प्रतिदिन अंडा उत्पादन किया जा रहा है। अंडों की बिक्री से उन्हें प्रतिदिन लगभग 600 रुपये की आय प्राप्त हो रही है। यही आय अब मासिक रूप से 15 हजार से 18 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है।

श्रीमती सुमन देवी बताती हैं कि रीप परियोजना से मिले सहयोग ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। नियमित आय से परिवार की जरूरतें आसानी से पूरी हो रही हैं और अब वे अपने व्यवसाय का विस्तार करने की योजना पर भी काम कर रही हैं।

ये भी पढ़ें-: ऑपरेशन प्रहार: सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हुड़दंग, पोखरी पुलिस ने चार युवकों पर की कार्रवाई

उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।

सुमन देवी की सफलता आज ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है और यह साबित करती है कि मेहनत, आत्मविश्वास और सही सहयोग मिलने पर महिलाएं स्वरोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं।


ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।

अन्य खबरें –:


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed