पंच पुलिया क्षेत्र में विवाद के बाद कुछ समय के लिए बाधित हुआ था यातायात, प्रशासन ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा
चमोली, 16 जून 2026
चमोली जिले के कर्णप्रयाग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-NH-07 पर यातायात अब पूरी तरह से सुचारु हो गया है। पंच पुलिया क्षेत्र में यात्रियों के एक समूह और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद मार्ग कुछ समय के लिए अवरुद्ध हो गया था, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराया। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मार्ग को खोल दिया गया और यातायात सामान्य रूप से संचालित होने लगा।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि घटना में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा किसी भी प्रकार की अराजकता, हिंसा या कानून-व्यवस्था भंग करने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन और यात्रियों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।
अन्य खबरें पढ़ें-:

