कर्णप्रयाग/चमोली। कर्णप्रयाग में निहंग यात्रियों का हमला- उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग बाजार में सोमवार को एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुए विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिसमें चार स्थानीय लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
मामूली विवाद के बाद बढ़ा मामला
पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 को कोतवाली कर्णप्रयाग क्षेत्र के कृष्णा पैलेस होटल के समीप हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय निवासी प्रकाश रावत पुत्र राजेन्द्र सिंह रावत, निवासी कर्णप्रयाग बाजार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दो निहंग यात्रियों ने प्रकाश रावत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय लोगों पर भी दो अन्य निहंग यात्रियों ने हमला कर दिया, जिससे कुल चार स्थानीय व्यक्ति घायल हो गए।
एक घायल को एयर एम्बुलेंस से देहरादून भेजा गया
घटना में घायल हुए चार लोगों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे एयर एम्बुलेंस के माध्यम से देहरादून रेफर किया गया है। जबकि अन्य तीन घायलों की स्थिति सामान्य और स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को तत्काल हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हमला करने वाले चारों आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया।
इसके बाद पीड़ित पक्ष के गजपाल सिंह द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मु0अ0सं0-17/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 281, 125, 109, 352 एवं 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अभियोग पंजीकृत कर कठोर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें-:
घटना के बाद कुछ समय के लिए जाम हुआ बद्रीनाथ हाईवे
हमले की घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया, जिसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।
डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंचकर लोगों से की वार्ता
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों से वार्ता की।
प्रशासन एवं पुलिस के संयुक्त प्रयासों से राष्ट्रीय राजमार्ग को पुनः यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया। साथ ही चारधाम यात्रा मार्ग से जुड़े अन्य जनपदों से समन्वय स्थापित कर कुछ समय के लिए यातायात को नियंत्रित किया गया, जिससे बड़ी संख्या में वाहनों पर असर नहीं पड़ा।
फंसे यात्रियों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था
जिला प्रशासन ने मौके पर फंसे श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल एवं खाद्य सामग्री की समुचित व्यवस्था भी कराई। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।
चारधाम यात्रा सामान्य, अफवाहों से बचें: डीएम चमोली
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि जनपद में चारधाम यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निर्बाध रूप से संचालित हो रही है। वर्तमान में कानून व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही कहा कि केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं होगी: एसपी चमोली
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने स्पष्ट कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, कानून व्यवस्था भंग करने अथवा आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ चमोली पुलिस सख्त और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
चमोली पुलिस की जनता से अपील
चमोली पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। संयम और धैर्य बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या अफवाहों को सोशल मीडिया पर साझा न करें।
पुलिस ने कहा कि केवल प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
मौके पर मौजूद रहे ये अधिकारी
घटना के दौरान उपजिलाधिकारी गैरसैंण अबरार अहमद, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, तहसीलदार कर्णप्रयाग सुधा डोभाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।

