शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार शर्मा के निधन से शोक में उत्तराखंड पुलिस

ऋषिकेश/टिहरी। दुखद: शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा- उत्तराखंड पुलिस विभाग के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। थाना मुनि की रेती क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी पुलिस चौकी प्रभारी विनोद शर्मा का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। हादसा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जिससे पुलिस महकमे और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रानीपोखरी के मूल निवासी विनोद कुमार शर्मा बीती रात मुनि की रेती थाना क्षेत्र में ड्यूटी पूरी करने के बाद अपनी स्कॉर्पियो वाहन से शिवपुरी पुलिस चौकी जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को काफी देर बाद मिल पाई। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद वाहन और शव को खाई से बाहर निकाला गया।

ये भी पढ़ें-: महेंद्र भट्ट हिलास भोजनालय- राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने किया हिलास भोजनालय का शुभारंभ, यात्रा मार्गों पर और भोजनालय खोलने के दिए निर्देश

चारधाम यात्रा पर मानसून का खतरा: यात्रियों को किन बातों का रखना होगा ध्यान?

विनोद कुमार शर्मा का पुलिस सेवा में लंबा अनुभव रहा है। पुलिस विभाग में आने से पहले वह भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। इसके अलावा उन्होंने ढालवाला चौकी और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई थीं।

अपनी मृदुल भाषा, सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली के कारण विनोद शर्मा पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से रानीपोखरी समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, विनोद शर्मा के एक भाई भी उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

उत्तराखंड पुलिस परिवार ने एक कर्मठ, अनुशासित और समर्पित अधिकारी को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।


ताज़ा समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।

अन्य खबरें –:


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed