रुद्रप्रयाग। जनपद प्रभारी मंत्री एवं उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी अपने जनपद भ्रमण के दौरान रुद्रप्रयाग पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा जिला कार्यालय में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों को विस्तार से रखा।
विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई पहचान बना भारत
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, जनकल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की उपलब्धियों की यात्रा नहीं, बल्कि देशवासियों के विश्वास, सहभागिता और संकल्प की यात्रा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में लगातार जनता द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर जताया गया भरोसा इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता विकास और सुशासन की राजनीति को समर्थन दे रही है। वर्तमान में एनडीए देश के 22 राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है।
अन्य खबरें-
किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए बनीं लाभकारी योजनाएं
गणेश जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवा कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को सीधे आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री स्वनिधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ी है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। इससे भ्रष्टाचार और फर्जी लाभार्थियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है।
आधारभूत संरचना के विकास को मिली नई गति
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। राष्ट्रीय राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों, रेलवे, मेट्रो नेटवर्क, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन, अटल टनल, चिनाब ब्रिज और नया पंबन ब्रिज जैसी परियोजनाएं नए भारत की विकास सोच और आधुनिक बुनियादी ढांचे का प्रतीक हैं।
वैश्विक मंच पर मजबूत हुआ भारत का प्रभाव
गणेश जोशी ने कहा कि भारत आज विश्व मंच पर एक मजबूत और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान तथा विभिन्न देशों के साथ बढ़ते आर्थिक और रणनीतिक संबंध भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी मजबूती प्रदान की है। कर्तव्य पथ, पंचतीर्थ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नया संसद भवन और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसी परियोजनाएं इसकी मिसाल हैं।
भाजपा कार्यालय में राष्ट्रगीत का वाचन, कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रगीत का वाचन किया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, सीमांत क्षेत्र अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, जिला भेषज संघ की नव निर्वाचित अध्यक्ष आरती रावत, वाचस्पति सेमवाल, महावीर पंवार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नवीनतम समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें BBU उत्तराखंड पर।

